आशिक ने ही घोंटा प्रेमिका का गला, सुभाष नगर के कमरे में मिली लाश

रमेश गुप्ता दुर्ग । शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम संबंध में उपजे संदेह और विवाद ने एक युवती की जान ले ली। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पद्मनाभपुर क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का निकला।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष) निवासी देंगरापार जिला बालोद, अपनी परिचित युनेश्वरी वर्मा (26 वर्ष) निवासी खैरागढ़ को पुलगांव स्थित उसके किराये के कमरे से अपने सुभाष नगर स्थित किराये के मकान में लेकर आया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था, लेकिन आपसी संदेह और विवाद के चलते स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान आरोपी ने युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को चिन्हित कर हिरासत में लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना जारी है।
सुभाष नगर, पद्मनाभपुर, दुर्ग स्थित किराये का मकान
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में पद्मनाभपुर थाना पुलिस की तत्परता और प्रभावी विवेचना की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *