जगदलपुर/झारखंड। झारखंड के हजारीबाग और छतरा जिले की सीमा से लगे जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। कोबरा बटालियन के जवानों ने अब तक चार नक्सलियों को मार गिराया है। घटनास्थल से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
सूत्रों के अनुसार यह अभियान कुख्यात नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा की तलाश में चलाया जा रहा है, जिसे झारखंड में सक्रिय बड़े नक्सली नेताओं में गिना जाता है। खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने छतरा के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके बाद आमना-सामना हो गया।
कोबरा जवानों ने संभाला मोर्चा, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
कोबरा बटालियन के जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों को कड़ी टक्कर दी। मुठभेड़ अभी भी जारी बताई जा रही है और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इस ऑपरेशन का मुख्य लक्ष्य मिसिर बेसरा को पकड़ना या उसे निष्क्रिय करना है, जो लंबे समय से सुरक्षाबलों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
जंगल में घेराबंदी, सर्च ऑपरेशन जारी
इलाके को चारों ओर से घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबल हर संभावित ठिकाने की जांच कर रहे हैं ताकि नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।