कुएं में मिली तीन लाशों से खुला गांजा रैकेट: 200 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में कुएं में तीन लोगों की मौत के मामले ने अब बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 200 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

यह पूरा मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 13-14 अप्रैल की रात उड़ीसा से गांजा लेकर आ रही एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कमता कॉलेज तिराहे के पास कार के पलटने की सूचना पर डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान करीब 5 किलो गांजा बरामद किया गया। पास में खड़ी एक अन्य संदिग्ध कार ने पुलिस के शक को और मजबूत कर दिया।

अगले दिन सुबह पास के खेत में स्थित एक कुएं में तीन शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान रोहित शर्मा, तनुज शुक्ला और सचिन सिंह बघेल के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुलिस को देखकर तीनों घबराकर भागे और अंधेरे में बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।

जांच आगे बढ़ने पर तस्करी गिरोह की परतें खुलने लगीं। पुलिस को जानकारी मिली कि इस नेटवर्क में शंकर विश्वकर्मा और हीरा सिंह भी शामिल थे, जो हादसे के वक्त गांजा दूसरी गाड़ी में डालकर फरार हो गए थे। बाद में दोनों ने करीब 200 किलो गांजा अपने घर में छिपा लिया।

पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी इस नेटवर्क के महत्वपूर्ण सदस्य होने के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम के चश्मदीद भी हैं।

शहडोल के एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत कुएं में गिरने से हुई है, जबकि तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *