बीजापुर:- भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती इस वर्ष भी बीजापुर में पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम का आयोजन नए बस स्टैंड परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, जनप्रतिनिधि, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके पश्चात आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

आमसभा में उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों, उनके संघर्षों और समाज के लिए किए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने समाज को “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का मूल मंत्र दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।
वहीं बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय संविधान के माध्यम से शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज का वास्तविक उत्थान संभव है।
कार्यक्रम में डी. नागेश, कैलाश रामटेके, आर.डी. झाड़ी, कमलेश पैकरा, अमित कोरसा और अशोक तालांडी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पांचवीं अनुसूची एवं पेसा कानून की जानकारी विस्तार से साझा की।
विशेष रूप से हीर चन्द्रशेखर झाड़ी, दीद्दी झाड़ी एवं आदि झाड़ी ने अंग्रेजी भाषा में बाबा साहेब के विचारों को प्रस्तुत कर कार्यक्रम में अलग पहचान बनाई।
कार्यक्रम के अंत में एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली नए बस स्टैंड से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची और पुनः नए बस स्टैंड पर आकर संपन्न हुई। इस दौरान डीजे की धुन पर युवाओं और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना रहा।