नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में बीती रात पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी कथित रूप से डकैती की वारदातों में शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को इलाके में अवैध रूप से रह रहे कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एंटी एक्सटॉर्शन एवं किडनैपिंग सेल ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों की ओर से करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। कुल मिलाकर दोनों तरफ से करीब छह राउंड गोलियां चलीं। हालांकि, इस मुठभेड़ में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी छह आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से दो देसी पिस्तौल, एक 12 बोर की बंदूक, कारतूस और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हैं और लंबे समय से राजधानी में सक्रिय थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे कब और कैसे देश में दाखिल हुए और किन-किन आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।
फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके संभावित नेटवर्क व स्थानीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी वारदात को टाल दिया गया।