बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके साथ नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और विजय चौधरी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह कल यानी 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित किया जाएगा।
सोमवार को राज्यपाल के सचिव ने सम्राट चौधरी से मुलाकात कर समारोह की तैयारियों और संभावित मंत्रियों की सूची पर चर्चा की। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही नए नेतृत्व को लेकर मंथन चल रहा था। अंततः सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति बनी।
सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे। राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। उनके पिता शकुनी चौधरी राज्य के कद्दावर नेताओं में गिने जाते रहे हैं। सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत आरजेडी से की थी और वह नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही एक पुराना रिकॉर्ड भी टूट जाएगा। जननायक कर्पूरी ठाकुर के बाद वह बिहार के दूसरे ऐसे नेता होंगे, जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और बाद में मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे। इससे पहले राज्य के कई दिग्गज नेता उपमुख्यमंत्री तो रहे, लेकिन मुख्यमंत्री की कुर्सी तक नहीं पहुंच पाए थे। अब सबकी नजरें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।
