नोएडा में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मंगलवार सुबह भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। शहर के विभिन्न हिस्सों में मजदूरों ने एक बार फिर प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। सेक्टर-121 में प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इस दौरान उपद्रवियों ने सार्वजनिक बसों और अन्य निजी वाहनों में तोड़फोड़ भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सेक्टर-80 और सेक्टर-70 में भी मजदूरों के जुटने और पत्थरबाजी की खबरें सामने आई हैं। पुलिस और पीएसी की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। तनाव को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
वहीं, सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री के बाहर भी बड़ी संख्या में श्रमिक जमा हो गए। बताया जा रहा है कि प्रबंधन ने 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस लगाया था, लेकिन श्रमिक अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए गेट पर पहुंचे थे। उन्हें डर था कि हाजिरी न लगने पर उनका वेतन काटा जा सकता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने श्रमिकों को समझाया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और वेतन संबंधी चिंताओं पर ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों की समझाइश के बाद श्रमिक वहां से वापस लौट गए। फिलहाल पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
