भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को सोमवार को पुलिस ने रायसेन जाने से रोक दिया। जीतू पटवारी रायसेन में आयोजित कृषि मेले में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें और उनके कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से मना कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने भोपाल से रायसेन जाने वाले तमाम रास्तों पर भारी बल तैनात कर रखा था। जीतू पटवारी ने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि वह कृषि मेले में जाकर आधुनिक कृषि तकनीकों को देखना चाहते थे। पटवारी ने दावा किया कि उन्होंने इस संबंध में पहले ही पत्र लिखा था और अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्हें बताया गया कि सरकार नहीं चाहती कि वे इस आयोजन में शामिल हों।
जीतू पटवारी ने सरकार और केंद्रीय कृषि मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान मंडियों में दो हजार रुपये से कम दाम पर गेहूं बेचने को मजबूर हैं और उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार किसानों के मुद्दे उठा रही है और इसी संदर्भ में वे इस बड़े सरकारी मेले का हिस्सा बनना चाहते थे। गौरतलब है कि इस मेले में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।
जीतू पटवारी के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड पर था। शहर के बाहर निकलने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस की इसी घेराबंदी के कारण कांग्रेस अध्यक्ष मेले तक नहीं पहुंच पाए। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बताया है।