धार का देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड: पत्नी के प्रेम प्रसंग और मानसिक प्रताड़ना ने ली पति की जान, परिजनों ने की फांसी की मांग

धार: मध्य प्रदेश के धार जिले के चर्चित देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड के खुलासे के बाद मृतक के परिजनों का आक्रोश और दुख सामने आया है। पुलिस द्वारा आरोपी पत्नी प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद मृतक की मां और बहन ने घर के भीतर चल रहे तनाव और प्रताड़ना की खौफनाक दास्तां बयां की है। परिजनों का आरोप है कि प्रियंका अपने पति को रंग-रूप को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और लगातार तलाक की मांग कर रही थी।

मृतक की बहन ज्योति ने बताया कि प्रियंका अक्सर देवकृष्ण का अपमान करती थी और उसे अपने काबिल नहीं मानती थी। परिजनों ने दावा किया है कि प्रियंका का साल 2020 से ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि वह घंटों मोबाइल पर बात करती थी और विरोध करने पर विवाद करती थी। मृतक की मां लक्ष्मी बाई ने रोते हुए बताया कि समाज के हस्तक्षेप के बाद प्रियंका को वापस ससुराल लाया गया था, लेकिन उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोपी बहू के लिए फांसी की सजा की मांग की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड सोची-समझी साजिश का परिणाम था। प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश ने देवकृष्ण को रास्ते से हटाने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। कमलेश के दोस्त सुरेंद्र ने रात के समय घर में घुसकर सोते हुए देवकृष्ण की हत्या कर दी। वारदात को लूट का रूप देने के लिए प्रियंका ने स्वयं को दूसरे कमरे में बंद कर लिया और घर के जेवर छिपा दिए ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मयंक अवस्थी के नेतृत्व में साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से पड़ताल की। घटनास्थल पर बाहरी व्यक्ति के जबरन प्रवेश के साक्ष्य न मिलने पर पुलिस का शक प्रियंका पर गहराया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *