ऑटो बाजार में टाटा नेक्सन का जलवा: वित्त वर्ष 2026 में बनी देश की नंबर-1 एसयूवी, हुंडई क्रेटा दूसरे नंबर पर

नई दिल्ली। भारतीय ऑटो बाजार में एसयूवी सेगमेंट की लोकप्रियता में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। वित्त वर्ष 2026 के बिक्री आंकड़ों के अनुसार, टाटा नेक्सन ने एक बार फिर सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी के रूप में अपनी बादशाहत कायम रखी है। कंपनी ने पूरे वर्ष के दौरान कुल 2,16,054 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 32 प्रतिशत अधिक है।

बिक्री सूची में दूसरे स्थान पर हुंडई क्रेटा रही, जिसने वित्त वर्ष 2026 में 2,01,921 यूनिट्स की बिक्री हासिल की है। मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में क्रेटा लंबे समय से ग्राहकों की पसंदीदा बनी हुई है। वहीं, पिछले वित्त वर्ष में शीर्ष पर रहने वाली टाटा पंच इस बार तीसरे स्थान पर खिसक गई है, जिसकी कुल 1,83,980 यूनिट्स बिकीं। चौथे स्थान पर मारुति सुजुकी ब्रेजा रही, जिसने 1,80,104 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है। पांचवें नंबर पर महिंद्रा स्कॉर्पियो रेंज रही, जिसकी कुल बिक्री 1,78,800 यूनिट्स रही।

सूची में छठे स्थान पर मारुति सुजुकी फ्रोंक्स ने 1,72,363 यूनिट्स की बिक्री के साथ अपनी जगह बनाई। इसके बाद सातवें नंबर पर महिंद्रा थार लाइनअप रही, जिसकी 1,26,261 यूनिट्स बिकीं। थार की इस सफलता में इसके नए 5-डोर वर्जन का महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है। आठवें स्थान पर हुंडई वेन्यू ने 1,17,737 यूनिट्स और नौवें नंबर पर किया सोनेट ने 1,14,142 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की।

टॉप 10 की सूची में आखिरी स्थान पर महिंद्रा बोलेरो और बोलेरो नियो रही, जिनकी कुल बिक्री 1,10,136 यूनिट्स रही। कुल मिलाकर, वित्त वर्ष 2026 में एसयूवी सेगमेंट में विभिन्न कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन टाटा नेक्सन अपने दमदार प्रदर्शन और बढ़ती मांग के चलते शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाने में सफल रही।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *