भिलाई: दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां संयंत्र के भीतर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, बीएसपी के पीबीएस-2 यूनिट के टरबाइन में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे की चपेट में आने से बीएसपी के 2 नियमित कर्मचारी और 3 ठेका मजदूर झुलस गए हैं।
यूनिट में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। प्लांट में मौजूद कई कर्मचारी और मजदूर जान बचाने के लिए पीछे के रास्ते से बाहर की ओर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। वर्तमान में 6 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस और संयंत्र के उच्च अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने पहुंच रहे हैं।