स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर है, लेकिन सबकी निगाहें गुवाहाटी में होने वाले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मैच पर टिकी हैं। इस मैच में क्रिकेट फैंस को एक ऐसी भिड़ंत देखने को मिल सकती है, जिसकी चर्चा लंबे समय से हो रही है— दुनिया के सबसे घातक गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बनाम 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी। यह मुकाबला केवल दो टीमों की जीत-हार का नहीं, बल्कि वैभव के लिए भारतीय टीम के दरवाजे खोलने का एक सुनहरा मौका भी माना जा रहा है।
पिछले सीजन में भी ये दोनों टीमें टकराई थीं, लेकिन तब वैभव बिना बुमराह का सामना किए पवेलियन लौट गए थे। इस बार परिस्थितियां अलग हैं। वैभव के कोच मनीष ओझा का मानना है कि बुमराह का सामना करना वैभव के लिए जितनी बड़ी चुनौती है, उतना ही बड़ा अवसर भी। अगर वैभव दुनिया के नंबर वन गेंदबाज की गेंदों पर रन बटोरने में कामयाब रहते हैं, तो वे चयनकर्ताओं को यह कड़ा संदेश देंगे कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के किसी भी दबाव को झेलने के लिए तैयार हैं।
हालांकि, बुमराह को खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता। अपनी सटीक यॉर्कर और स्लोअर गेंदों से बड़े-बड़े दिग्गजों को घुटने टेकने पर मजबूर करने वाले बुमराह, पावरप्ले और डेथ ओवर्स में काल साबित होते हैं। कोच ओझा कहते हैं कि बुमराह बल्लेबाजों को गुमराह करने के उस्ताद हैं, ऐसे में वैभव को अपनी मानसिक मजबूती और तकनीकी कौशल का परिचय देना होगा। क्या एक किशोर क्रिकेटर क्रिकेट के इस महाबली पर हावी हो पाएगा? इसका जवाब गुवाहाटी के मैदान पर ही मिलेगा।