उर्वरक विक्रय केंद्रों के निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय टीम गठित, किसानों को निर्धारित मूल्य पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कोरिया, 06 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ शासन कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग, महानदी भवन नया रायपुर के निर्देशों के परिपालन में कोरिया जिला में उर्वरकों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है।
यह कार्रवाई जिले में किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। विभाग द्वारा उर्वरक विक्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण कर अनियमितताओं पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गठित उड़नदस्ता दल में उप संचालक कृषि के नेतृत्व में सहायक संचालक कृषि, अनुविभागीय कृषि अधिकारी तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों को शामिल किया गया है। दल के सदस्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से बैकुण्ठपुर एवं सोनहत अनुभाग में नियमित निरीक्षण करेंगे।
उड़नदस्ता दल का मुख्य उद्देश्य उर्वरकों के भंडारण, वितरण एवं विक्रय की निगरानी करना, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री रोकना तथा किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विक्रेता द्वारा अनियमितता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से भी अपील की गई है कि वे उर्वरक खरीदते समय रसीद अवश्य लें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।
सहायक संचालक को सम्पूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं अनुविभागीय कृषि अधिकारी (मोबाइल नम्बर 7089177899) को सम्पूर्ण अनुभाग और सभी वरिष्ठ कृषि अधिकारियो तथा उर्वरक निरीक्षको को बैकुंठपुर व सोनहत कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।