Kullu Bus Accident : कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ सोज्झा के पास बीती रात यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 अन्य यात्री घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा? पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बस में कुल 22 यात्री सवार थे, जिनमें 20 वयस्क और 2 बच्चे शामिल थे। रात के अंधेरे में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे खाई में जा समाई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रातभर चला बचाव कार्य हादसे के बाद पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन दल और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रातभर राहत कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद 18 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CH) बंजार भेजा गया है। मृतकों में 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं, जिनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी की वजह से कई जिंदगियों को समय रहते बचाया जा सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या मानवीय चूक की वजह से।