महासमुंद कांग्रेस में अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, जिला उपाध्यक्ष विजय साव को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित

महासमुंद। दो दिन पहले कांग्रेस भवन में पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कांग्रेस कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच मारपीट करना जिला उपाध्यक्ष विजय साव को भारी पड़ गया। महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने अनुशासनहीनता के आरोप में विजय साव को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव की ओर से जारी आदेश में दो मार्च को पार्टी कार्यालय में हुई मारपीट की घटना को अनुशासनहीनता बताते हुए कहा गया कि यह न केवल पार्टी की विचारधारा के विपरीत है, बल्कि इस हरकत से पार्टी की छवि को गंभीर क्षति पहुंची है। साथ ही, कारण बताओ सूचना का निर्धारित समयावधि में जवाब भी नहीं दिया गया। आदेश में कहा गया कि उक्त कारणों से विजय साव को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।

गौरतलब है कि गुरुवार को कांग्रेस भवन में दोपहर दो बजे महंगाई को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने पत्रकार वार्ता आयोजित की थी। पत्रकार वार्ता समाप्त होने के बाद सभी पत्रकार कांग्रेस भवन से चले गए। इसके बाद पत्रकार वार्ता की सूचना पार्टी पदाधिकारियों को सही ढंग से नहीं दिए जाने को लेकर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद विजय साव, ढेलू निषाद और निर्मल जैन के बीच बहस होने लगी।

विवाद इतना बढ़ गया कि वहां रखी प्लास्टिक की कुर्सी उठाकर एक-दूसरे पर वार करने लगे। इस मारपीट में विजय साव, ढेलू निषाद और निर्मल जैन के कपड़े फट गए। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को बुला लिया, जिसने मामले में हस्तक्षेप कर माहौल को शांत किया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *