दुर्ग। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर एक महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साइबर अपराध के इस मामले में पीड़िता ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी राधेलाल माहरा इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के जरिए फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर बातचीत शुरू की थी। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर संपर्क कर पीड़िता को अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को आपत्तिजनक तरीके से एडिट किया और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। आरोपी लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था और मांग पूरी न होने पर तस्वीरें सार्वजनिक करने का दबाव बना रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और चैटिंग से संबंधित महत्वपूर्ण स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।