मुरैना में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान दर्दनाक हादसा, मशीन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत

मुरैना। जिले के मोहनपुर गांव में गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान एक हृदय विदारक दुर्घटना सामने आई है। यहां कराहल क्षेत्र का निवासी एक 28 वर्षीय आदिवासी युवक थ्रेसर मशीन के पट्टे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चिन्नौनी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कराहल क्षेत्र के कुड़ गांव से आए आदिवासी श्रमिक इन दिनों मोहनपुर गांव में कल्ला सिकरवार के खेत पर गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग का कार्य कर रहे थे। मृतक श्रमिक राम आदिवासी (28), पिता धन्नाराम, जब गेहूं के पूले थ्रेसर मशीन में डाल रहा था, तभी अचानक उसके हाथ में पहना हुआ कड़ा मशीन के पट्टे में उलझ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, राम का शरीर मशीन के ब्लेड की ओर खिंच गया।

हादसा इतना भीषण था कि थ्रेसर के ब्लेड से युवक के शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। साथी श्रमिकों और परिजनों द्वारा उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल मुरैना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति इतनी गंभीर थी कि पुलिस ने युवक के अवशेष परिजनों को सौंप दिए। पुलिस अब इस मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *