गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा से सटे कोरबा के पसान थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में घायल को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पसान थाना अंतर्गत ग्राम सेन्हा निवासी कल्याण और दयाराम के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की शाम इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई कल्याण ने आपा खो दिया और दयाराम पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मारपीट के दौरान बीच-बचाव की काफी कोशिश की गई, लेकिन आरोपी कल्याण का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने दयाराम को तब तक पीटा जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। आनन-फानन में घायल दयाराम को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने अस्पताल पहुँचकर शव का पंचनामा किया। पसान थाने के उपनिरीक्षक अरविंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे सेन्हा गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है।