हनुमान जयंती से पहले मंदिर में तोड़फोड़, खंडित मूर्ति को बाहर फेंका; इलाके में तनाव

Narsinghpur News : नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में हनुमान जयंती के पावन पर्व से ठीक एक दिन पहले असामाजिक तत्वों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है। मामला तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मदनपुर के बरेली गांव का है, जहां स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर में देर रात अज्ञात उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने न केवल मंदिर के भीतर तोड़फोड़ की, बल्कि बजरंगबली की प्रतिमा को भी खंडित कर मंदिर परिसर से बाहर फेंक दिया।

मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे, तो वहां का नजारा देख दंग रह गए। हनुमान जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त हालत में बाहर पड़ा देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हनुमान जयंती के ऐन पहले हुई इस शर्मनाक घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोग दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *