दो दिन से घर में घायल पड़ी थी 80 वर्षीय महिला, दुर्ग पुलिस ने समय पर पहुंचाकर कराया इलाज
रमेश गुप्ता भिलाई । “सेवा, सुरक्षा और सुशासन” के अपने संकल्प को साकार करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। थाना उतई क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी में डायल-112 टीम ने घर में अकेली घायल पड़ी एक बुजुर्ग महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
दो दिनों से घर में पड़ी थी घायल
घटना 28 मार्च 2026 की है, जब शाम करीब 4:22 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि ग्राम उमरपोटी में एक बुजुर्ग महिला गिरकर घायल हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पाया कि करीब 80 वर्षीय महिला पिछले दो दिनों से घर के अंदर जमीन पर गिरी हुई थी और गंभीर रूप से घायल थी। समय पर सहायता न मिलने से उसकी हालत और बिगड़ रही थी।
पुलिस ने दिखाई तत्परता और संवेदनशीलता
डायल-112 टीम ने बिना देर किए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला, साफ-सफाई कर प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत शासकीय अस्पताल उतई पहुंचाकर भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा महिला को उपचार के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
बताया गया कि महिला का पुत्र मानसिक रूप से कमजोर है, जिसके कारण समय पर मदद नहीं मिल सकी।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के द्वारा डायल-112 के सिपाही और वाहन चालक को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।