रायपुर: राजधानी के कटोरा तालाब इलाके में एक प्रतिष्ठित कारोबारी के घर से करीब 17 लाख रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी शहर के प्रसिद्ध सुमित ज्वेलर्स और शुभम के मार्ट से जुड़े हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
अलमारी में रखे थे 17 लाख रुपये पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित नमित कांकरिया ने बताया कि उन्होंने 28 मार्च की रात करीब 17 लाख रुपये नकद अपने घर की अलमारी में सुरक्षित रखे थे। अगली सुबह दफ्तर जाने से पहले भी उन्होंने रकम को जांचा था और पैसे वहीं मौजूद थे। लेकिन जब वह दोपहर में घर वापस लौटे, तो अलमारी से पूरी नकदी गायब मिली। घर के ताले टूटे न होने के कारण यह मामला और भी संदिग्ध नजर आ रहा है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच कर रही जांच नमित कांकरिया ने पहले घर के सदस्यों और वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की, लेकिन जब पैसों का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदेहियों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि जल्द से जल्द साक्ष्य जुटाए जा सकें।