छत्तीसगढ़ में चिलचिलाती धूप के बीच राहत की आहट: गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिससे बढ़ते पारे पर लगाम लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बदलेगा मौसम का सिस्टम मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में दो विशेष मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। पहला, बिहार से पश्चिम बंगाल तक झारखंड के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, दूसरी द्रोणिका उत्तरी ओडिशा से लेकर छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक होते हुए तमिलनाडु तक फैली हुई है। इन सिस्टम्स के प्रभाव से आने वाले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राजधानी में छाएंगे बादल रायपुर और इसके आसपास के इलाकों में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। शाम तक गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की उम्मीद है।

आंधी-तूफान की चेतावनी विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात (आकाशीय बिजली) की भी आशंका जताई गई है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो राजनांदगांव 40.5°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5°C रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *