शिक्षा विभाग फिर सवालों के घेरे में
दिलीप गुप्ता
सरायपाली:- सरायपाली विकासखंड में इन दिनों परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में दो शिक्षकों—श्रीमती अनीता चौधरी एवं गौरी शंकर पटेल—की ड्यूटी पेपर जांच (कॉपी मूल्यांकन) में लगाई गई है। वहीं दूसरी ओर, प्रधान पाठक युसुफ सिक्का केना शिशु मंदिर केंद्राध्यक्ष बनकर जाने की जानकारी सामने आ रही है।
ऐसी स्थिति में देवलभांठा स्कूल की परीक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है। यदि दोनों शिक्षक पेपर जांच में व्यस्त रहेंगे और केंद्राध्यक्ष भी विद्यालय में उपस्थित नहीं रहेंगे, तो परीक्षा के दौरान स्कूल में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं रहेगा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या केंद्राध्यक्ष अकेले ही परीक्षा का संचालन करेंगे, या फिर विद्यार्थियों की निगरानी बिना किसी जिम्मेदार शिक्षक के होगी?

स्थानीय अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों में इस व्यवस्था को लेकर चिंता देखी जा रही है। उनका कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण समय में इस प्रकार की लापरवाही विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो परीक्षा की निष्पक्षता और सुचारू संचालन पर गंभीर असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि कक्षा 8वीं की परीक्षाएँ अभी पूर्ण भी नहीं हुई हैं, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी पेपर जांच एवं अन्य कार्यों में लगाना समझ से परे है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि तत्काल इस विषय में संज्ञान लेते हुए शिक्षकों की ड्यूटी में आवश्यक संशोधन किया जाए, ताकि विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपस्थित रहें और परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।