कटघोरा/छुरी: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में एक रसोइए ने मासूम छात्र पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी रसोइया घटना के वक्त शराब के नशे में धुत था। गनीमत रही कि छात्र की जान बच गई, लेकिन उसकी आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई है।
अधीक्षक की गैरमौजूदगी में की गुंडागर्दी
दरअसल, यह पूरी घटना तब हुई जब छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे। इसी का फायदा उठाकर रसोइया और चपरासी का काम करने वाला केसर दुबे बच्चों को प्रताड़ित करने लगा। मैदानी सूत्रों ने बताया कि आरोपी अक्सर शराब पीकर बच्चों के साथ मारपीट करता था और उन पर दबाव बनाता था।
टंगिया के वार से सहम गए बच्चे
जानकारी के मुताबिक, आरोपी केसर दुबे ने कक्षा छठवीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर अचानक टंगिया यानी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले के बाद छात्रावास में चीख-पुकार मच गई। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसके पिता उसे सुरक्षित घर ले गए हैं। गौरतलब है कि छात्र को कोई स्थाई शारीरिक क्षति नहीं पहुंची है, लेकिन इस घटना से बच्चे बुरी तरह डरे हुए हैं।
पुलिस हिरासत में आरोपी, कड़ी कार्रवाई की मांग
मामला उजागर होने के बाद छुरी नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नेताओं ने ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त (एसी) से मुलाकात कर रसोइए को तुरंत बर्खास्त करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अधीक्षक की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उस पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।