कॉल सेंटर की आड़ में साइबर ठगी: लोकल से ग्लोबल हुआ अपराध

रायपुर में कॉल सेंटर की आड़ में चल रहे जिस अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है, वह कोई एक आइसोलेटेड घटना नहीं, बल्कि उस खतरनाक ट्रेंड का हिस्सा है जिसमें अपराध की भौगोलिक सीमाएं समाप्त हो चुकी हैं। अहमदाबाद से लेकर रायपुर और चीन तक फैले इस नेटवर्क ने यह साफ कर दिया है कि आज का साइबर अपराध न केवल संगठित है, बल्कि पूरी तरह कॉर्पोरेट ढांचे में काम कर रहा है जहां अलग-अलग “टीम” तय भूमिकाओं के साथ काम करती हैं और अपराध एक “प्रोसेस” बन चुका है।

इस मामले में सामने आया कि रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पिथालिया कॉम्प्लेक्स और अंजनी टॉवर में संचालित तीन कॉल सेंटरों के जरिए अमेरिका के नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा था। लोन और सिबिल स्कोर सुधारने के नाम पर लोगों को झांसे में लिया जाता, उनसे डॉलर में भुगतान कराया जाता और फिर गिफ्ट कार्ड के जरिए उस रकम को भारतीय मुद्रा में बदल लिया जाता। यह पूरी प्रक्रिया इतनी व्यवस्थित थी कि इसे छह चरणों में बांटकर अलग-अलग समूहों को जिम्मेदारी दी गई थी डेटा जुटाने से लेकर कॉलिंग, फर्जी चेक डालने, गिफ्ट कार्ड रिडीम करने और हवाला के जरिए रकम पहुंचाने तक।

सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि इस ठगी में अमेरिकी बैंकिंग सिस्टम की एक खामी का भी सुनियोजित इस्तेमाल किया जा रहा था। छोटी राशि के चेक जमा होने पर तत्काल क्रेडिट और बाद में सत्यापन की प्रक्रिया को जालसाजों ने अपने पक्ष में मोड़ लिया। पहले खाते में पैसा डलवाया जाता, फिर पीड़ित को भरोसे में लेकर “कंपनी का पैसा वापस करने” के नाम पर गिफ्ट कार्ड मंगवा लिया जाता। जब तक बैंक जांच पूरी करता, जालसाज अपना काम कर चुके होते।

यह पूरा मॉडल बताता है कि साइबर ठगी अब सिर्फ तकनीकी अपराध नहीं रही, बल्कि यह मनोविज्ञान, वित्तीय प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग का खतरनाक मिश्रण बन चुकी है।

दरअसल, ठगी की यह प्रवृत्ति नई नहीं है। “ठग विद्या” सदियों पुरानी है, लेकिन इंटरनेट और डिजिटल कनेक्टिविटी ने इसे अभूतपूर्व विस्तार दे दिया है। आज कोई व्यक्ति रायपुर में बैठकर अमेरिका के नागरिक को ठग सकता है, तो दुबई में बैठा नेटवर्क भारत में ऑनलाइन सट्टा चला सकता है। अफ्रीकी देशों में सक्रिय गिरोह यूरोप को निशाना बनाते हैं, तो भारत के कुछ हिस्से “कॉल सेंटर फ्रॉड हब” के रूप में पहचान बनाने लगे हैं।

भारत में इस तरह के संगठित साइबर अपराध का एक पैटर्न साफ दिखाई देता है। बेरोजगार युवाओं को “कॉल सेंटर जॉब” के नाम पर जोड़ा जाता है, उन्हें अंग्रेजी स्क्रिप्ट दी जाती है, और फिर बड़े शहरों में किराए के दफ्तरों मॉल, कॉम्प्लेक्स या अपार्टमेंट में ऑपरेशन शुरू कर दिया जाता है। ऊपर से देखने पर यह वैध व्यवसाय लगता है, लेकिन अंदर एक पूरा अपराध उद्योग चलता है।

पहले भी गुरुग्राम और अहमदाबाद जैसे शहरों में इस तरह के कॉल सेंटर गिरोह पकड़े जा चुके हैं। अब रायपुर में हुई कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह नेटवर्क छोटे शहरों तक गहराई से फैल चुका है। यह भी कहा जाता रहा है कि कई बार ऐसे ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर “अनदेखे” रहते हैं या तो जानकारी के अभाव में या फिर अन्य कारणों से।

सवाल यह है कि जब यह अपराध इतने बड़े पैमाने पर और इतने संगठित तरीके से चल रहा है, तो क्या हमारी व्यवस्था उसी गति से विकसित हो पाई है? देश में साइबर सेल बनाए गए हैं, आईटी एक्ट और अन्य कानूनी प्रावधान मौजूद हैं, लेकिन अपराधियों की रणनीति उससे कहीं अधिक तेज और लचीली साबित हो रही है।

साइबर अपराध की जांच में सबसे बड़ी चुनौती इसकी अंतरराष्ट्रीय प्रकृति है। एक कॉल भारत से, सर्वर किसी दूसरे देश में, बैंकिंग चैनल तीसरे देश से और पैसा हवाला के जरिए चौथे देश में ऐसे में जांच एजेंसियों के लिए कार्रवाई करना बेहद जटिल हो जाता है। यही कारण है कि कई बार ऐसे गिरोह लंबे समय तक सक्रिय रहते हैं और तब पकड़ में आते हैं जब नुकसान बहुत बड़ा हो चुका होता है।

इस परिप्रेक्ष्य में रायपुर पुलिस द्वारा इस नेटवर्क का भंडाफोड़ एक महत्वपूर्ण सफलता जरूर है, लेकिन यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि इसे केवल एक “केस” मानकर भूल न दिया जाए। यह एक संकेत है कि देश में साइबर ठगी का स्वरूप बदल चुका है और इसके खिलाफ रणनीति भी उसी स्तर पर बदलनी होगी।

जरूरत है कि कॉल सेंटर जैसे व्यवसायों की नियमित ऑडिटिंग हो, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तकनीकी निगरानी बढ़ाई जाए और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय मजबूत किया जाए। साथ ही, युवाओं को इस तरह के फर्जी रोजगार के जाल से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाना भी जरूरी है।

सबसे अहम बात यह है कि आम नागरिक चाहे वह भारत में हो या अमेरिका में उसे यह समझना होगा कि कोई भी वैध संस्था गिफ्ट कार्ड के माध्यम से भुगतान नहीं मांगती। यह साइबर ठगी का सबसे बड़ा संकेत बन चुका है।

रायपुर की घटना केवल एक शहर की कहानी नहीं है, यह उस बदलती दुनिया का आईना है जहां अपराधी ग्लोबल हो चुके हैं, लेकिन उनसे लड़ने की हमारी तैयारी अब भी कई जगह लोकल स्तर पर अटकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *