रायपुर: खेलो इंडिया नेशनल ट्रायबल गेम्स का भव्य उद्घाटन कल, उप मुख्यमंत्री आज करेंगे प्रेसवार्ता

रायपुर। राजधानी रायपुर के खेल संचालनालय परिसर मैदान में 25 मार्च की शाम खेलो इंडिया नेशनल ट्रायबल गेम्स का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस गरिमामयी आयोजन को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक मंच और साज-सज्जा का कार्य तेजी से पूर्ण किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह को भव्य और रंगारंग बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक कलाकारों और विभिन्न वाद्ययंत्रों की विशेष प्रस्तुतियों को शामिल किया गया है। समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से शिरकत करने वाली टीमों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। सोमवार को आयोजन स्थल पर गेड़ी नर्तकों सहित अन्य कलाकारों ने अपना अभ्यास भी पूर्ण किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल (सेंट्रल लाइब्रेरी के पास) और कोटा स्टेडियम को मुख्य केंद्रों के रूप में चुना गया है। विशेष रूप से तीरंदाजी स्पर्धा के लिए उद्घाटन स्थल पर ही एक पृथक फील्ड तैयार किया गया है, जहाँ इंडियन आर्चरी, रिकर्व और कम्पाउंड वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे।

इस महत्वपूर्ण आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करने हेतु प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव आज दोपहर 1:30 बजे साइंस कॉलेज स्थित खेल संचालनालय परिसर में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *