रायपुर/धेमाजी। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव अपने असम प्रवास के दौरान धेमाजी में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की भव्य नामांकन रैली में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर धेमाजी की सड़कों और प्रमुख चौराहों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। धेमाजी विधानसभा से डॉ. रनोज पेगू एवं सिसिबोरगांव विधानसभा से जीवन गोगोई ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
नामांकन रैली को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ा यह अपार जनसमर्थन आगामी चुनाव परिणामों का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रभावी नेतृत्व में असम ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और जनता इस विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में एक बार फिर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। इस कार्यक्रम में लखीमपुर सांसद प्रधान बरुआ सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
साव ने पिछले तीन दिनों के दौरान असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर धेमाजी, ढकुआखाना, लखीमपुर और रोंगोनदी क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें कीं। इसके अतिरिक्त उन्होंने नाओबोइचा विधानसभा में एनडीए के सहयोगी दल असम गण परिषद के प्रत्याशी एवं कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया। इन बैठकों में स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए जनसंपर्क अभियान को तेज करने और संगठन को सक्रिय बनाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान रोंगोनदी से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका और नाओबोइचा से असम गण परिषद के प्रत्याशी बसंत दास सहित अनेक पदाधिकारियों ने एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया। उप मुख्यमंत्री साव ने ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प को दोहराते हुए हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
