सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। जगरगुंडा-नरसापुरम मार्ग पर सर्चिंग के दौरान जवानों ने तीन शक्तिशाली आईईडी बरामद किए हैं। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इन विस्फोटकों को रास्ते में छिपाया था।
मिली जानकारी के अनुसार, 226 बटालियन की टीम नियमित सर्चिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान टीम को मार्ग पर संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। जांच करने पर वहां से 1 किलो, 2 किलो और 4 किलो वजन के तीन आईईडी बरामद हुए। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डीएसएमडी और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तीनों आईईडी को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
इस बड़ी बरामदगी के बाद सर्चिंग टीम सुरक्षित अपने बटालियन मुख्यालय लौट आई है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। सुरक्षाबलों ने 31 मार्च तक क्षेत्र को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है। इस सफलता ने क्षेत्र में तैनात जवानों के हौसले बुलंद कर दिए हैं और संभावित बड़ी घटना को टाल दिया है।