सक्ती में दिव्यांग शिक्षक की हत्या करने वाले आरोपी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Raipur Suicide Case

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिव्यांग शिक्षक की नृशंस हत्या के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। शिक्षक की हत्या के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी टिमनलाल का शव उसके घर के पीछे फांसी के फंदे पर लटका मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, जैजेपुर थाना अंतर्गत ग्राम जर्वे में 18 मार्च को दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज की हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि मृतक शिक्षक का अपने पड़ोसी टिमनलाल के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन जब शिक्षक अपनी ट्राइसाइकिल पर घूमने निकले थे, तभी आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को विवादित जमीन के पास ले जाकर आग लगाने की कोशिश भी की थी।

ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच शनिवार दोपहर को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी टिमनलाल ने अपने घर के पीछे फांसी लगा ली है। बताया जा रहा है कि आरोपी खेत के रास्ते छिपते हुए अपने घर पहुंचा और पीछे के दरवाजे से अंदर घुसकर गमछे के सहारे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरी घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *