बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत हथबंद-भाटापारा सेक्शन में अधोसंरचना विकास कार्यों के चलते रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रबंधन के अनुसार, लेवल क्रॉसिंग संख्या 389 पर रोड अंडरब्रिज निर्माण के अंतिम चरण में गर्डरों की डि-लॉन्चिंग के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इस कार्य के कारण 22 और 23 मार्च को 8 पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि दो ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 22 मार्च को रद्द रहने वाली गाड़ियों में रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734), गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733) और बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर (68719) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर-इतवारी पैसेंजर (58205) और रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (58202) भी 22 मार्च को नहीं चलेंगी। वहीं, 23 मार्च को इतवारी-रायपुर पैसेंजर (58206) और रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (58202) रद्द रहेंगी।
ट्रेनों के बीच रास्ते में समापन और रदद होने के संबंध में बताया गया है कि 22 मार्च को झारसुगुड़ा से चलने वाली झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर (68862) बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त हो जाएगी। यह ट्रेन बिलासपुर और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। इसी प्रकार गोंदिया से चलने वाली गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर (68861) बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी और गोंदिया एवं बिलासपुर के बीच संचालित नहीं होगी। रेलवे ने यात्रियों से होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है।