छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में मौसम के बदले मिजाज के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में पुनः बढ़ोतरी हो सकती है।

विभाग ने 18 और 19 मार्च को प्रदेश के कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव आया है।

आज के लिए मौसम का पूर्वानुमान मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। रायपुर में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम तक वर्षा या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों के लिए अलर्ट भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। बीजापुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, मोहला-मानपुर, मुंगेली और नारायणपुर जिलों में मध्यम गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं रायपुर, दुर्ग, बालोद, धमतरी, बस्तर और रायगढ़ समेत अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 37.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान रायपुर के माना एयरपोर्ट पर 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *