खैरागढ़: उदयपुर राजपरिवार के पैलेस में तैनात सीएएफ जवान ने खुद को गोली मारकर दी जान

खैरागढ़। जिले के छूईखदान क्षेत्र स्थित उदयपुर राजपरिवार के पैलेस में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतक जवान की पहचान 38 वर्षीय कृपाचंद सोनवानी के रूप में हुई है, जो सीएएफ की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का रहने वाला था। पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच जवान ने पैलेस परिसर में यह आत्मघाती कदम उठाया। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे साथी जवानों ने उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद उपजे पारिवारिक विवाद के कारण प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ के कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। इन परिसरों की सुरक्षा के लिए सीएएफ के जवानों की तैनाती की गई है।

साथी जवानों के अनुसार, कृपाचंद कुछ समय से तनाव में नजर आ रहा था। हालांकि, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि जवान के मानसिक तनाव या अन्य किसी ठोस कारण का पता लगाया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *