बेमेतरा। ड्रीम सनराइज वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित “संस्कृति व्यापार मेला 2026” के नौवें दिवस पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर बेमेतरा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं रायपुर शहर भाजपा जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम में राज्य स्तर से आए प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। लोकनृत्य, गीत-संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रतिभा और ऊर्जा को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ख्याति प्राप्त हास्य कलाकार कचरा बोदरा बाई की प्रस्तुति रही। उनकी हास्य शैली और मनोरंजक कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को खूब गुदगुदाया और सभी को हँसी से लोटपोट कर दिया। दर्शकों ने उनके कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेन्द्र शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं व्यापारिक मेलों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और समाज में सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक परंपराओं और व्यापारिक गतिविधियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोग उपस्थित रहे। अंत में मुख्य अतिथि ने ड्रीम सनराइज वेलफेयर सोसायटी के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
संस्कृति मेले में कचरा बोदरा बाई का जलवा, हास्य कलाकारी से दर्शकों को खूब गुदगुदाया

16
Mar