रायपुर। राजधानी के राजातालाब क्षेत्र में एक वकील द्वारा सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और हिंदुत्व को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद तनाव की स्थिति बन गई। आरोपी अधिवक्ता के वायरल स्टेटस को लेकर हिंदू संगठनों ने भारी आक्रोश जताया और सिविल लाइन थाने का घेराव किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिवक्ता की पहचान अंजुम खान के रूप में हुई है, जो राजातालाब का निवासी है। आरोप है कि अंजुम खान ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर रमजान की शुभकामनाओं के साथ हिंदू देवी-देवताओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, उसने हिंदू समुदाय को लेकर भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
यह पोस्ट 14 मार्च को तुलेश यादव नामक व्यक्ति के संज्ञान में आई। इसके विरोध में 15 मार्च को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी अंजुम खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने और दो समुदायों के बीच कटुता फैलाने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ सामग्री साझा न करने की अपील की है।