रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार उपहार स्वरूप प्रदान की। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को विश्व कप में मिली ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी बेटियों ने विश्व कप जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने टाटा मोटर्स द्वारा महिला क्रिकेट टीम के प्रोत्साहन के लिए शुरू की गई इस पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और नेशनल ट्राइबल गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से खेल के प्रति एक सकारात्मक वातावरण बना है। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।
इस अवसर पर आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व कप से लौटने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए प्रोत्साहन ने उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक के रूप में मुख्यमंत्री का यह स्नेह उनके लिए बेहद यादगार है। उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम के साथ अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम की सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को टाटा सिएरा एसयूवी कार भेंट करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ निवासी आकांक्षा सत्यवंशी को आज यह कार प्रदान की गई। कार्यक्रम में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि उपस्थित थे।