नारायणपुर। जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर ग्राम झारा घाटी के पास हुआ, जहां सवारियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में 30 से अधिक लोग सवार थे। झारा घाटी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सड़क के किनारे पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिकअप वाहन का उपयोग व्यावसायिक या सामान ढोने के लिए किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद धड़ल्ले से सवारियां ढोई जा रही हैं। नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे इस तरह के परिवहन के कारण पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है कि वाहन में इतनी अधिक संख्या में लोग क्यों और कैसे सवार थे।