रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के नौवें दिन आज सदन की कार्यवाही काफी हंगामेदार रहने की संभावना है। मुख्य रूप से जर्जर सड़कों की स्थिति और किसानों से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।
सदन की कार्यवाही सुबह प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अपने-अपने विभागों से संबंधित विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। इसके पश्चात मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब और ओपी चौधरी महत्वपूर्ण प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे।
आज की कार्यवाही में दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। विधायक पुन्नू लाल मोहले राज्य की जर्जर सड़कों की समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं, विधायक चातुरी नंद और लखेश्वर बघेल कृषि विकास एवं किसान कल्याण से जुड़े विषयों पर ध्यानाकर्षण लाएंगे, जिस पर सदन में तीखी बहस हो सकती है।
इसके अतिरिक्त विधायक दिलीप लहरिया, सावित्री मंडावी, ललित चंद्राकर और इंद्रशाह मंडावी विभिन्न याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। दिन के दूसरे हिस्से में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल, लखन लाल देवांगन और टंक राम वर्मा के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया जाएगा।