सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार, 8 महिलाएं हिरासत में

दुर्ग। स्मृति नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एक किराए के मकान में संचालित हो रहे इस देह व्यापार के मामले में पुलिस ने रैकेट चलाने वाली मुख्य आरोपी महिला और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, मौके पर मौजूद आठ अन्य महिलाओं को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, 10 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विद्या विहार कॉलोनी के एक मकान में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला रक्षा टीम और स्मृति नगर पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। जब टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश दी, तो वहां संदिग्ध हालात में लोग मिले। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मकान की संचालिका महिलाओं को बुलाकर वहां देह व्यापार करवा रही थी।

पुलिस ने मौके से रैकेट संचालित करने वाली 35 वर्षीय धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत और एक ग्राहक, 25 वर्षीय अमन शेख को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, ₹5500 नगद और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। हिरासत में ली गई आठ महिलाओं से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *