अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में होम लोन दिलाने के नाम पर एक बड़ी ठगी का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने एक फर्जी कंपनी के संचालक को गिरफ्तार किया है, जिसने एक शिक्षिका समेत 9 लोगों से करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है। आरोपी लोगों को बैंकों से लोन दिलवाने के बाद उसकी 60 प्रतिशत राशि अपनी फर्जी कंपनी में जमा करा लेता था और दावा करता था कि लोन की किश्तें उसकी कंपनी भरेगी। इस झांसे में आकर कई लोग अपनी गाढ़ी कमाई गंवा बैठे।
क्या थी आरोपी की फर्जी स्कीम?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवशंकर दास ‘अनशिवआर्या फाउण्डेशन ग्रुप’ नाम की एक फर्जी कंपनी चलाता था। वह सीधे-साधे और जरूरतमंद लोगों को अपना निशाना बनाता था। आरोपी लोगों को झांसा देता था कि उसकी कंपनी की एक विशेष स्कीम है, जिसके तहत यदि कोई लोन की कुल राशि का 60 प्रतिशत हिस्सा कंपनी के खातों में जमा रखता है, तो उस लोन की पूरी ईएमआई (किश्त) कंपनी खुद जमा करेगी। लोग इस झांसे में आकर लोन की एक बड़ी रकम आरोपी के खातों में ट्रांसफर कर देते थे।
शिक्षिका से ऐंठे 28 लाख रुपये
ठगी का शिकार हुई ग्राम सरगवां निवासी दिव्या एक्का बलरामपुर जिले के राजपुर ब्लॉक में शिक्षिका हैं। वर्ष 2024 में घर बनाने के लिए लोन की तलाश के दौरान उनका संपर्क आरोपी शिवशंकर दास से हुआ। आरोपी ने शिक्षिका से जरूरी दस्तावेज व्हाट्सएप पर मंगाए और बैंक ऑफ इंडिया समेत विभिन्न बैंकों से करीब 41.08 लाख रुपये का होम लोन स्वीकृत करा दिया। लोन की राशि खाते में आते ही आरोपी ने शिक्षिका पर दबाव बनाया और अपनी कंपनी के अलग-अलग खातों में कुल 28 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
क्रशर कारोबार में घाटे की भरपाई के लिए रचा खेल
जब शिक्षिका को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने इसी मई महीने में गांधीनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिवशंकर दास (40 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने कुबूल किया कि वह क्रशर का धंधा करता है और कारोबार में भारी नुकसान होने के कारण उसने पैसों की भरपाई के लिए यह फर्जी स्कीम तैयार की थी। उसने शिक्षिका के पैसों से ही शुरुआती कुछ महीनों की किश्तें जमा की थीं ताकि किसी को शक न हो।
9 लोगों को बनाया शिकार, आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर केवल इस शिक्षिका को ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के अन्य 9 लोगों को भी इसी तरह लोन दिलाने के नाम पर करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया है। गांधीनगर पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल उसके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।