भानुप्रतापपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को भानुप्रतापपुर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर एवं हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पतंजलि योग समिति के तहसील अध्यक्ष योगाचार्य ईश्वर साहू ने उपस्थित जनसमुदाय को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग कोई नई विधा नहीं, बल्कि मानव सभ्यता जितनी प्राचीन विद्या है। हमारे ऋषि-मुनियों ने शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए योग को जीवन पद्धति के रूप में स्थापित किया था। आज पूरी दुनिया इसकी महत्ता को स्वीकार कर रही है।

योगाचार्य ईश्वर साहू ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल रोगमुक्त रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्ति पाकर सकारात्मक जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर, उपाध्यक्ष गजानन डडसेना, एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रचार-प्रसार सह मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान, मंडल प्रभारी विजय कुमार मंडावी, मंडल अध्यक्ष डीकेएस खापर्डे, मंडल महामंत्री राजू श्रीवास, महिला मोर्चा अध्यक्ष संगीता टांडिया, महामंत्री शकुंतला यादव, भाजपा कार्यकर्ता रमेश तिवारी, प्रदीप जैन, नरेश जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर में स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने योगाचार्य के निर्देशन में अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने नगरवासियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।