सूरजपुर
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे में तीन युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने मौके पर पहुंचे डायल 112 वाहन चालक और वाहन में सवार एक पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। इस घटना में दोनों घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए थे। इसी दौरान गुस्साए लोगों ने डायल 112 वाहन को घेर लिया और वाहन चालक तथा पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आईं, जिनका उपचार कराया गया।
घायल पुलिसकर्मी और डायल 112 वाहन चालक की शिकायत पर प्रतापपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हमले के मामले में चार नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही है। ।
बताया जा रहा है कि सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश था, जिसके चलते यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।