कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत इंद्रा कॉलोनी के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हार्वेस्टर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम मोहतरा देऊर निवासी 26 वर्षीय होरीलाल बघेल के रूप में हुई है, जो पेशे से हार्वेस्टर ऑपरेटर था।
इस दुर्घटना में झिन्ना पिपरिया निवासी विपिन श्रीवास्तव भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने हार्वेस्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गेहूं की कटाई का सीजन चल रहा है, जिसके चलते बाहर से आए हार्वेस्टर वाहनों के बीच होड़ मची रहती है। तेज रफ्तार के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस संवेदनशील स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।