घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता भिलाई…माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार लोहे के रापा से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घरेलू विवाद के दौरान हुआ हमला
भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 10 मई को पुलिस को सूचना मिली कि माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में दो सगे भाइयों के बीच विवाद और मारपीट हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से हमला कर दिया। आरोपी ने अशोक के सिर और कनपटी पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घायल अशोक यादव को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दुर्ग ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर किया। हालांकि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अशोक यादव की मौत हो गई।
हत्या की धारा जोड़कर आरोपी गिरफ्तार
मामले में भिलाई नगर थाना पुलिस ने धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पीड़ित की मौत के बाद प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
घरेलू और पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना का मुख्य कारण घरेलू एवं आपसी पारिवारिक विवाद था। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार लोहे का रापा भी जब्त कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *