शराब और घरेलू विवाद के बीच हुई वारदात, आरोपी पति गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
जशपुर नगर। जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुटरी में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पत्नी द्वारा सब्जी बनाने से इनकार करने पर पति ने हाथ, मुक्कों और लातों से बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम घुटरी निवासी 46 वर्षीय दुबेश्वरी बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव घर के भीतर पड़ा मिला। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि मृतका और उसके पति जगेश्वर राम (48) के बीच आए दिन विवाद होता था और घटना वाले दिन भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी।
गले पर चोट के निशान, सिर से बह रहा था खून
शव का पंचनामा करने के दौरान पुलिस ने मृतका के गले पर चोट के निशान तथा सिर से खून निकलता पाया। हत्या की आशंका के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर की रिपोर्ट में शरीर पर लगी अंदरूनी एवं बाहरी गंभीर चोटों के कारण मृत्यु को हत्यात्मक बताया गया। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपी जगेश्वर राम ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना के दिन शराब नहीं मिलने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने पत्नी से सब्जी बनाने के लिए कहा, लेकिन पत्नी के मना करने पर वह आवेश में आ गया और हाथ, मुक्कों तथा लातों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने तथा आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उपनिरीक्षक मनोज साहू, स्नेहलता सिंह, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, जितेंद्र साहू, महिला आरक्षक नीलम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख तथा रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्राम घुटरी में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।