जम्मू-कश्मीर के हालात से दुनिया का ध्यान भटकाने की नीयत से पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर सीमा पर तनाव पैदा करने की कोशिश की है। शुक्रवार रात राजौरी जिले के तरकुंडी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे हथियारों से भारी गोलीबारी शुरू कर दी। इस अचानक हमले से सीमावर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया है।
मुंहतोड़ जवाब दे रही भारतीय सेना
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। शुरुआती दौर में भारतीय सेना ने संयम बरता, लेकिन जब दुश्मन ने गोलीबारी तेज कर दी, तो हमारे वीर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। देर रात तक रुक-रुक कर फायरिंग का सिलसिला जारी रहा। सैन्य अधिकारी सीमा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही है।
एलओसी पर सतर्कता बढ़ी
पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है जब सीमा पर इतनी भारी गोलीबारी देखी गई है। भारतीय सेना को आशंका है कि पाक सेना इस आड़ में घुसपैठ कराने की कोशिश कर सकती है। सुरक्षा को देखते हुए लाइन ऑफ कंट्रोल यानी एलओसी पर भारतीय जवानों की सतर्कता कई गुना बढ़ा दी गई है। सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी घुसपैठ या हमले का जवाब देने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। फिलहाल सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन भारतीय सेना पूरी तरह नियंत्रण में है। स्थानीय लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
