नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल के अनुसार प्रदेश के 293 केंद्रों पर कुल 459 हॉल में मतगणना होगी। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की तीन-स्तरीय घेराबंदी की गई है। मतगणना केंद्रों पर सीएपीएफ की 200 कंपनियां तैनात रहेंगी।

नियमों के मुताबिक बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति सुरक्षा घेरा नहीं तोड़ पाएगा और एजेंटों को गिनती पूरी होने तक परिसर छोड़ने की इजाजत नहीं होगी। राज्य में धारा 163 लागू रहेगी और किसी भी तरह के विजय जुलूस या जमावड़े पर रोक लगाई गई है। सुचारू प्रक्रिया के लिए 539 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। आयोग ने लापरवाही बरतने वाले तीन पीठासीन अधिकारियों और एक बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी की है। बिजली कटौती और हिंसा रोकने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हो सके।