रायपुर। राजधानी रायपुर में आध्यात्म और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम भजन क्लबिंग कार्यक्रम को लेकर आम जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह जैसे ही इस कार्यक्रम के निःशुल्क प्रवेश पास फाइंड योर वाइब वेबसाइट पर जारी किए गए, भारी संख्या में लोगों के लॉग-इन करने के कारण वेबसाइट क्रैश हो गई।
आयोजकों ने बताया कि बेहद कम समय में हजारों लोगों की सक्रियता और पास पाने की कोशिश यह दर्शाती है कि इस आयोजन ने विशेष रूप से युवाओं के बीच आकर्षण पैदा किया है। भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा के इस भव्य कार्यक्रम को पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
आज आयोजित होने वाले इस गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति की सूचना ने कार्यक्रम के प्रति जनसामान्य के उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया है। लोग इस अनूठे अनुभव का हिस्सा बनने के लिए खासे उत्सुक नजर आ रहे हैं।