छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, 48 घंटे में बढ़ेगा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुबह और शाम के समय ठंड का असर अब कम होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है। अगले 48 घंटों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी, हालांकि न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना भी जताई गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर झुका है। इसके अलावा, पूर्वी हवाओं में एक द्रोणिका 85 डिग्री पूर्वी देशांतर और 10 डिग्री उत्तरी अक्षांश के दक्षिण में समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर ऊपर सक्रिय बनी हुई है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर औसत समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 135 नॉट की रफ्तार से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी प्रभावी है।

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *