रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दाब के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम के मिजाज में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के विशेषकर बस्तर संभाग में हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान बादल गरजने और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रायपुर में भी दिन भर बादल छाए रहने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र तक विस्तारित है। इन मौसम प्रणालियों के असर से अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम प्रभावित रहेगा। 23 फरवरी को बस्तर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
वर्तमान में प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं, लेकिन 24 फरवरी से मौसम में एक बार फिर बदलाव आएगा। अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे रात के समय ठंड का असर फिर से बढ़ेगा।
बीते रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश की गतिविधि दर्ज नहीं हुई है।