बिलासपुर में कॉन्स्टेबल रिश्वत लेते कैमरे में कैद, 1 लाख 5 हजार रुपए लेने का वीडियो वायरल पीड़ित का आरोप– सरकारी क्वार्टर में बुला कर डराया, जमीन गिरवी रखकर दिए पैसे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कॉन्स्टेबल द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी खुलेआम पैसों की गिनती करते हुए नजर आ रहा है। आरोप है कि आबकारी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित से 1 लाख 5 हजार रुपए की रिश्वत ली गई।

मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी कॉन्स्टेबल का नाम गजपाल जांगड़े है, जो पचपेड़ी थाने में पदस्थ है। पीड़ित जोगी नायक का आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने पहले उससे 2 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन जमीन गिरवी रखकर वह केवल 1 लाख 5 हजार रुपए ही दे सका।

पीड़ित ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर की है। पत्र में उसने आरक्षक गजपाल जांगड़े के साथ-साथ अजय मधुकर, मुरीत बघेल और हेड कॉन्स्टेबल हरवेंद्र खुंटे के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

जानिए पूरा मामला

पीड़ित जोगी नायक, जो मानिकचौरी का निवासी है, ने बताया कि 6 अक्टूबर की शाम उसे हेड कॉन्स्टेबल हरवेंद्र खुंटे ने पचपेड़ी थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया था। वहां पहले से ही आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल मौजूद थे। आरोप है कि चारों पुलिसकर्मियों ने मिलकर उसे डराया-धमकाया और उसके खिलाफ गुंडा-बदमाश एक्ट लगाने की धमकी दी।

इसके अलावा 50 लीटर शराब की फर्जी जब्ती दिखाकर जेल भेजने की बात कही गई, जिससे जोगी नायक डर गया। आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन थाना परिसर में रोककर रखा गया और 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई।

जमीन और जेवर गिरवी रखकर जुटाए पैसे

पीड़ित के अनुसार, उसे छुड़ाने के लिए उसकी पत्नी कामिनी नायक ने अपने जेवरात और जमीन गिरवी रखकर 1 लाख 5 हजार रुपए जुटाए। पैसे देते समय पूरा घटनाक्रम वीडियो में रिकॉर्ड किया गया। इसी वीडियो के आधार पर अब शिकायत दर्ज कराई गई है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कामिनी नायक पुलिसकर्मी को पैसे सौंप रही हैं। एक गड्डी नोट उनके हाथ में है, जबकि दूसरी गड्डी पलंग पर रखी हुई दिखाई दे रही है। कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े पैसों को गिनते हुए नजर आ रहा है। महिला पुलिसकर्मी से कहती सुनाई दे रही है कि उनके पास उतने ही पैसे हैं और उनके पति को छोड़ दिया जाए।

शिकायत के बाद भी पीड़ित को धमकाने का आरोप लगाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *